प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दी संविधान दिवस की शुभकामनाएं; सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर संस्कृत सुभाषित साझा कर संवैधानिक मूल्यों की स्थायित्वता पर दिया जोर
नई दिल्ली | एसजेएम 24 (SJM 24) ब्यूरो:
संविधान दिवस (26 नवंबर) के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस ऐतिहासिक दिन पर प्रधानमंत्री ने भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी महान सदस्यों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राष्ट्र निर्माण में संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि इन महान विभूतियों द्वारा देश को प्रदान किया गया संविधान भारतीय लोकतंत्र की एक अमूल्य विरासत है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पवित्र ग्रंथ 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में सदैव राष्ट्र का निरंतर मार्गदर्शन करता रहेगा। इसके साथ ही, श्री मोदी ने संविधान में निहित लोकतांत्रिक और मानवीय मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश और संस्कृत सुभाषित
संविधान दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक विशेष संदेश साझा किया। अपने संदेश में उन्होंने एक प्रेरक संस्कृत सुभाषित भी लिखा, जो इस गहरे विचार को दर्शाता है कि विद्वानों द्वारा अनेक प्रकार से और गहन विचार-विमर्श के बाद निर्धारित की गई नीतियां व सिद्धांत सदैव स्थायी रहते हैं और कभी नष्ट नहीं होते।
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर लिखा:
"सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
इस पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब एवं संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन और वंदन।
संविधान के रूप में उनके द्वारा दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।
संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! यह दिन हमारे संविधान के निर्माताओं को नमन करने तथा संविधान में निहित मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का एक विशेष अवसर है।
बहुधा बहुभिः सार्धं चिन्तिताः सुनिरूपिताः।
कथञ्चिन्न विलीयन्ते विद्वद्भिश्चिन्तिता नयाः॥"